क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी कार्यालय की ओर से आयोजित जिला स्तरीय जूनियर बालिका कबड्डी एवं जूनियर बालक/बालिका बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन बुधवार को सुखदेव पहलवान स्पोर्ट्स स्टेडियम में किया गया। प्रतियोगिता में जिले की 9 कबड्डी टीमों और बैडमिंटन में 165 खिलाड़ियों (100 बालक एवं 65 बालिका) ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. एहसान अहमद (अध्यक्ष, कबड्डी संघ) और श्री केएम श्रीवास्तव (सचिव, जिला हैंडबॉल संघ) ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी सिराजुद्दीन ने बताया कि कबड्डी प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में एसएसआर कबड्डी एकेडमी ने अरुण पब्लिक स्कूल को20-14 से पराजित कर विजेता बना। बैडमिंटन प्रतियोगिता के बालक व बालिका वर्ग में कुल 165 खिलाड़ियों ने भाग लिया।
बताया कि क्रिकेट प्रतियोगिता के पहले मैच में चैलेंजर क्रिकेट टीम ने रामदेव क्रिकेट एकेडमी को छह विकेट से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। रामदेव टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 117 रन बनाए, जिसके जवाब में चैलेंजर टीम ने लक्ष्य को 6 विकेट से लक्ष्य पा लिया। दूसरे मैच में स्टेडियम टीम ने गुरुकुल क्रिकेट एकेडमी को 52 रनों से हराया। स्टेडियम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 180 रन बनाए, जिसके जवाब में गुरुकुल की टीम 128 रन पर सिमट गई।