आजमगढ़। श्री राणी सती श्याम भक्त मंडल की ओर से रविवार को नगर के मारवाड़ी धर्मशाला परिसर में भादी महोत्सव का आयोजन किया गया। सुबह दादी मां की कलश यात्रा निकाली गई, शाम को भजन संध्या का आयोजन किया गया। इसमें लोग दादी मां के भजन - धीरे-धीरे बोल दादी सुन ले सी... पर जमकर थिरके। भजन संध्या के बाद भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया।
भजन संध्या का शुभारंभ देर शाम ज्योति प्रज्ज्वलन से हुआ। इसके बाद कोलकाता से आए भजन गायक सौरभ मधुकर ने जब दादी मां के भजनोज्की प्रस्तुति दी तो श्रद्धालु थिरकने से खुद को नहीं रोक पाए। सौरभ मधुकर ने एक से बढ़कर एक गीतों की प्रस्तुति दी। जब उन्होंने धीरे-धीरे बोल दादी सुन ले सी, सुन ले सी दादी सुन ले सी... सुनाया तो पुरुष और महिला श्रद्धालु झूमने लगे। जब उन्होंने - दादी भक्तों ने डेरा डाला है, तेरा भक्तों से पड़ गया पाला है... सुनाया तो लोग भक्ति में लीन हो गए। देर रात तक कार्यक्रम चलता रहा। कार्यक्रम की समाप्ति के बाद मारवाड़ी धर्मशाला परिसर में भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम में सपा सांसद धर्मेंद्र यादव, विधायक दुर्गा प्रसाद यादव, सपा जिलाध्यक्ष हवलदार यादव, एएसपी ग्रामीण चिराग जैन, सीओ सदर शुभम अग्रवाल, परितोष रूंगटा, भोला जालान, सौरभ डालमिया, आशुतोष रूंगटा आदि उपस्थित थे।