रौनापार थाना के इस्माइलपुर ढाले पर केंद्र सरकार का पुतला फूंकते सपा कार्यकर्ता ।
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़। कृषि कानूनों के विरोध में सपा की ओर से गांवों में शुरू की गई पदयात्रा जारी है। गोपालपुर के सपा विधायक नफीस अहमद ने कव्वापुर से मोतीपुर तक पदयात्रा निकाली। वहीं, रौनापार थाना क्षेत्र के सगड़ी विधानसभा के निबियहवा ढाला पर सपा कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन किया। केंद्र सरकार का पुतला फूंक विरोध जताया।
भाजपा सरकार के किसान विरोधी कानून के खिलाफ सपा की ओर से गांवों में किसान यात्रा जारी रखने की घोषणा की गई थी। गोपालपुर से सपा विधायक नफीस अहमद ने ग्राम सभा कव्वापुर से मोतीपुर तक किसान पदयात्रा निकाली। चौपाल लगा किसानों से कृषि विरोधी काले कानून के संदर्भ में वार्ता की। इस दौरान सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की गई। इस मौके पर सेक्टर प्रभारी संतविजय यादव, पंकज यादव, सोनू यादव, राममिलन, विशाल आदि मौजूद रहे। रौनापार थाना क्षेत्र के सगड़ी विधानसभा के निबियहवा ढाला पर दोपहर एक से तीन बजे तक तक सपा कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान केंद्र सरकार का पुतला फूंका। चंद्रशेखर ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के आह्वान पर यह कार्य प्रतिदिन चलता रहेगा। इस मौके पर रामदरस यादव, चंद्रशेखर यादव, हारुण खान, सूर्यभान, उधम सिंह, गुड्डू यादव, राजेश यादव आदि उपस्थित रहे। वहीं, किसान कानूनों के विरोध में विधानसभा गोपालपुर के ग्राम राघोपुर मठिया में विरोध किया गया। युवजन सभा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य लालजीत क्रांतिकारी, बृजभान चौहान, योगेंद्र यादव योगी, राहुल चौहान, राजेंद्र चौहान, शिव कुमार चौहान, प्रवेश चौहान, अखिलेश सिंह, दुर्गविजय सिंह उपस्थित रहे।