इसका खुलासा बुधवार को हुआ। पुलिस के पीछा करने के दौरान सपा का झंडा लगाए एक स्कार्पियो मैजिक से टकरा गई। हादसे के स्कार्पियो में सवार लोग वाहन छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने वाहन से चार मवेशियों को बरामद किया है।
गंभीरपुर थाने के कार्यवाहक प्रभारी उपनिरीक्षक श्यामा राव के मुताबिक बुधवार की सुबह मुखबिर से सूचना मिली कि लालगंज की तरफ से काले रंग की स्कार्पियो में चार मवेशी लादकर ले जाए जा रहे हैं। गाड़ी पर समाजवादी पार्टी का झंडा लगा है। सूचना के बाद पुलिस टीम ने गोमाडीह गांव के पास नाकाबंदी कर दी।
दोपहर करीब 12.15 बजे काले रंग की स्कार्पियों आती दिखी । पुलिस ने सड़क पर बने स्पीड ब्रेकर के पास गाड़ी को रोकना चाहा। लेकिन स्कार्पियो सवार गाड़ी को तेज गति से भगाते हुए भाग निकले। पुलिस ने पशु तस्करों का पीछा कर लिया। पुलिस वाहन को पीछे आते देख स्कार्पियो का चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और स्कार्पियो मैजिक से भिड़ गई।
पुलिस जब तक मौके पर पहुंचती कि स्कार्पियो में सवार दो पशु तस्कर गाड़ी छोड़कर फरार हो गये। पुलिस ने स्कार्पियो में लदे चार मवेशियों को बरामद कर लिया है। थाने के कार्यवाहक प्रभारी ने बताया कि स्कार्पियो का नंबर गोरखपुर का है। वाहन मालिक कौन है इसका पता लगाया जा रहा है।