क्षेत्र के जगदीशपुर दशांव स्थित श्रीराम शिक्षण संस्थान के सभागार में बहुजन समाज पार्टी अतरौलिया के कैडर कैंप और प्रशिक्षण शिविर को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि जोनल कोआर्डिनेटर हरिश्चंद्र गौतम ने कहा कि प्रदेश सरकार हर मोर्चे पर विफल है। बाबा साहब भीमराव अंबेडकर और पार्टी संस्थापक कांशीराम के समता मूलक समाज की स्थापना का बीड़ा पार्टी मुखिया बहन मायावती ने उठाया है। इसके लिए हमें मिशन 2017 की को कामयाब बनाना होगा।
उन्होंने कहा कि इसके लिए हर सेक्टर अध्यक्ष को जिम्मेदारी दी गई है कि वे अपनी कार्यकारिणी का गठन कर मिशन में लग जाए। बैठक की अध्यक्षता कर रहे अतरौलिया विधानसभा के प्रत्याशी और प्रभारी रमेश चंद्र दूबे ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार महंगाई पर काबू पाने में असफल रही है, इसी के साथ भूमि अधिग्रहण बिल संसद में पास कर गरीबों को भिखारी बनाने पर तुली है। विषिष्ट अतिथि अजय राजभर ने कहा कि प्रदेश सरकार जाति विशेष को नौकरियां दिला रही है। जाहिर है कि आने वाला समय बसपा का है। उन्होंने पार्टी की जीत के लिए गांव-गांव पहुंच लोगों को पार्टी से जोड़ने का आह्वान किया। इस मौके पर मंडल कोआर्डिनेटर विजय कुमार, विरेंद्र पांडेय, पल्टन राम, रविंद्र भारती, प्रमोद कुमार, मनोज दूबे, अजय सिंह, गणेश दत्त दूबे, कालीचरन, अरविंद, ओमप्रकाश यादव, बुलेट शुुक्ला, संजय राम, अजय अकेला आदि उपस्थित थे।