आजमगढ़ जिले के सिधारी थाने भदुली बाजार में उस समय माहौल गर्म हो गया, जब पंचायत चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही महिला के पति की एसपी ने सार्वजनिक रूप से पिटाई की और नौ चार पहिया वाहनों को सीज करा दिया। नेता ने एसपी पर उत्पीड़न व कार्यकर्ताओं के समझ बेइज्जत करने का आरोप लगाया है।
गेलवारा की रीता यादव पंचायत चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही हैं। उनके पति श्रीकांत यादव रविवार को वाहनों के काफिले के साथ क्षेत्र में प्रचार कर रहे थे। भदुली बाजार के पास काफी संख्या में समर्थक मौजूद थे, जिसके चलते जाम लग गया था। इसी दौरान एसपी सुधीर कुमार सिंह पहुंच गए। वह डीआईजी के सरायमीर थाने के वार्षिक निरीक्षण के सिलसिले में जा रहे थे।
जाम में फंसने के कारण एसपी आगबबूला हो गए। उन्होंने श्रीकांत यादव को पास बुलाया और बिना कुछ पूछे पीटना शुरू कर दिया। इसके बाद एसपी ने सिधारी थाना पुलिस को मौके पर बुलाया और मौके पर मौजूद नौ वाहनों, उनके चालकों व प्रत्याशी पति को थाने भेजवा दिया। जहां पुलिस ने सभी वाहनों को सीज कर दिया।
एसओ सिधारी ने बताया कि बिना अनुमति के प्रत्याशी के पति वाहनों का काफिला लेकर चल रहे थे। जिसके चलते कार्रवाई की गई है। एसपी के निर्देश पर सभी नौ वाहनों को सीज कर दिया गया है। श्रीकांत यादव ने बताया कि एसपी ने सार्वजनिक रूप से मुझे मारा और बेइज्जत किया जबकि मैं व मेरे समर्थक शांतिपूर्ण ढंग से प्रचार कर रहे थे। मैं इसकी शिकायत डीआईजी से करूंगा।