आजमगढ़। थाना बरदह क्षेत्र में बुजुर्ग की मौत के मामले में पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक जायदात के विवाद में बेटे ने पिता की हत्या की है। पुलिस ने आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त लोहे का बसुला भी बरामद कर लिया है।
थाना बरदह क्षेत्र के ग्राम राजेपुर निवासी सुजीत राय ने 20 जनवरी को अपने पिता रामाश्रय राय की मौत की सूचना पुलिस को दी थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की, जिसमें सामने आया कि मौत स्वाभाविक नहीं बल्कि हत्या थी। जांच के दौरान यह भी उजागर हुआ कि परिवार में काफी समय से जमीन-जायदाद को लेकर विवाद चल रहा था।
थानाध्यक्ष बरदह राजीव कुमार सिंह ने बताया कि इस मामले में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की। जांच के क्रम में मृतक के पुत्र अजीत राय उर्फ टप्पू का नाम प्रकाश में आया। रविवार को आरोपी अजीत को त्रिवेणी मोड़ से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने संपत्ति विवाद को लेकर अपने पिता की हत्या करने की बात स्वीकार की। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे का बसुला, जिसमें लकड़ी का हत्था लगा हुआ था, बरामद किया गया।