पवई। विद्युत आपूर्ति बाधित होने पर सोमवार को समाजसेवी डा. राधेश्याम सिंह पवई पावर हाउस पर अनशन पर बैठ गए। उन्होंने कर्मचारियों की हड़ताल के मद्देनजर प्रशासन की तैयारियों के दावे को झूठा बताया। चेतावनी दी कि यदि जल्द आपूर्ति बहाल नहीं की जाती है वह चक्काजाम करेंगे।
पवई विकास खंड के दोनों पॉवर हाउस पवई और बागबहार में कल दो बजे से बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई है। बाजार में रहने वाले लोग पानी और बिजली के लिए तरस रहे हैं। लोगों का मोबाइल भी बंद हो चुका है। यहां पर मेंटेनेंस और सप्लाई दोनों ठेकेेदारी व्यवस्था से चलती है। इनका कहना है कि हमारे अधिकारी जेई और एसडीओ है न कि डीएम। आज सब भूमिगत हो गए हैं। समाज सेवी डा. राधे श्याम सिंह ने डीएम को फोन पर सूचना देकर अनशन शुरू कर दिया। एसडीएम फूलपुर रावेंद्र सिंह और थानाध्यक्ष पवई संजय कुमार दोनों ने पावर हाउस का निरीक्षण कर प्राइवेट लाइनमैन को लेकर फाल्ट की गई लाइन को बनवाने में जुटे हैं। थानाध्यक्ष का कहना है कि जल्द ही आपूर्ति बहाल हो जाएगी। समाजसेवी डा. राधेश्याम सिंह ने कहा कि 24 घंटे से लाइन बंद है। इसके जिम्मेदार मेंटेनेंस ठेकेदार के आदमी हैं तो क्यों न उन पर कार्रवाई की जाए और ठेकेदार को गिरफ्तार किया जाए। आद्या प्रसाद सिंह, योग्रंद्र सिंह, सूरज विश्वकर्मा, राजमणि यादव, राजेंद्र प्रसाद, दद्दन सिंह आदि का कहना है कि अगर आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो मंगलवार से धरना प्रदर्शन और चक्का जाम होगा।