मुख्य डाकघर में सोशल डिस्टेंसिंग का नीं हो रहा है पालन ।
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़। कोरोना संक्रमण काल में थोड़ी सी छूट क्या मिली हर तरफ सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ने लगी है। ज्यादातर उन स्थानों पर सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन ठीक ढंग से नहीं हो रहा है जिन्हें इसका अनुपालन कराना है ।
बचाव ही सिर्फ और सिर्फ कोरोना का एक मात्र उपाय है। इन बचाव में सोशल डिस्टेंसिंग सबसे महत्वपूर्ण है। सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन कर हम इस वैश्विक संक्रमण से बच सकते है। लेकिन इसकी जगह-जगह जम कर धज्जियां उड़ रही है। अब तो कलेक्ट्रेट परिसर भी इससे अछूता नहीं रह गया है। जिलाधिकारी एनपी सिंह जहां अपने कार्यालय में प्रेसवार्ता के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का कड़ाई से अनुपालन करा रहे है तो वहीं उनके कार्यालय के बाहर इसकी जम कर धज्जियां उड़ रही है। बुधवार को काफी संख्या में लोग शिकायत लेकर डीएम कार्यालय पहुंचे थे। डीएम अंदर मीडिया से रूबरू हो रहे थे और बाहर एडीएम वित्त एवं राजस्व गुरू प्रसाद गुप्ता शिकायतकर्ताओं की शिकायते सुन रहे थे। इस दौरान डीएम आफिस के गेट पर जैसे रेला उमड़ा हुआ था और सोशल डिस्टेंसिंग की जम कर धज्जियां उड़ रही थी। प्रेसवार्ता के बाद जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर निकले तो सत्ताधारी दल के एक नेता अपने कार्यकर्ताओं के हुजूम के साथ पहुंच गए। इस दौरान भी सोशल डिस्टेंसिंग कहीं नजर नहीं आ रही थी। हालांकि जिलाधिकारी ने जल्दी-जल्दी उनकी समस्या सुनी और समाधान का आश्वासन देकर आगे बढ़ गए।