अलग-अलग थाना क्षेत्रों के दो बाजार में स्थित मोबाइल और लाइट हाउस की दूकान से चोरों ने शनिवार की रात नकदी सहित ढाई लाख रुपये का सामान पार कर दिया।
मोबाइल की दूकान में चोर रोशनदान की ईंट हटाकर घुसे थे। जबकि लाइट हाउस की दूकान का शटर का ताला तोड़कर वह भीतर घुसे। रविवार की सुबह घटना की जानकारी होने पर पीड़ितों ने संबंधित थाने में तहरीर दी।
मुबारकपुर थाना क्षेत्र के मफिया गांव निवासी इंद्रेश यादव ने क्षेत्र के पाही मोड़ पर किराए का कमरा लेकर मोबाइल की दूकान खोल रखी है। शनिवार की रात चोर बांस-बल्ली के सहारे छत पर चढ़े और रोशनदान की ईंट को हटाकर दूकान में घुस गए।
भीतर से उन्होंने 36 सौ रुपये नगद सहित दो लाख के रिचार्ज कूपन, मोबाइल, चार्जर और बैट्री आदि चुरा ले गए। रविवार की सुबह जब इंद्रेश ने दूकान खोला तो मामले की जानकारी हुई।
इस दौरान वहां आसपास के दूकानदार भी पहुंच गए। सूचना मिलने पर मुबारकपुर थाने की पुलिस भी पहुंची। पुलिस मौका मुआयना कर लौट गई। इसी क्रम में चोरी की दूसरी घटना जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के महादेवा जमसर गांव निवासी सुरेश राम के लाटघाट बाजार में स्थित दूकान में हुई।
यहां बीती रात चोर शटर का ताला तोड़कर लाइट हाउस की दूकान में घुसे और 50 हजार रुपये के माल पर हाथ साफ कर दिया। रविवार की सुबह दूकान का टूटा हुआ ताला देखकर आसपास के दूकानदारों ने सुरेश को सूचना दी। पीड़ित ने सामानों का मिलान कर रिपोर्ट दर्ज करने के लिए थाने में तहरीर दी।