सड़क के गड्ढे में तब्दील होने से आक्रोशित सगड़ी तहसील क्षेत्र के बघावर गांव के ग्रामीणों ने रविवार की सुबह रौनापार-लाटघाट मार्ग पर चक्काजाम कर दिया।
जाम की सूचना मिलते ही एसओ रौनापार मिथिलेश कुमार मिश्र मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाकर जाम समाप्त कराया। ग्रामीणों का कहना था कि वर्ष 2005-06 में अंजानशहीद से लेकर हाजीपुर तक प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत मार्ग का निर्माण हुआ था।
सड़क निर्माण के दौरान ठेकेदार ने बघावर मोड़ से लेकर सपहा मोड़ तक लगभग सात मीटर मार्ग को खोदने के बाद उसपर गिट्टी डालकर छोड़ दिया। पहले तो यह आने जाने योग्य था।
लेकिन अब उसमें बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। जिससे लोग अक्सर गिरकर घायल होते हैं। लोगों ने कहा कि शिकायतों के बाद भी कोई कार्रवाई न होने पर मजबूरी में हमें जाम जैसा कदम उठाना पड़ा है।
ग्रामीणों के चक्काजाम की सूचना मिलते ही रौनापार थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार मिश्र मौके पर पहुंचे। ग्रामीण किसी अधिकारी को बुलाने पर अड़े थे पर एसओ ने जिले के अधिकारियों तक उनकी बात पहुंचाने का आश्वासन देकरजाम को समाप्त कराया। ग्रामीणों द्वारा सुबह 6.30 बजे लगाया जाम 9.15 बजे तक चला।
इस दौरान उस मार्ग से गुजरने वाले वाहनों की लंबी कतार लग गई। इस मौके पर शैलेंद्र सिंह, सूरज प्रताप सिंह, चंदन सिंह, हवलदार सिंह, भूपेंद्र, रमेश यादव, डबलू, रणवीर मौर्य, राम प्रकाश राम आदि रहे।