आजमगढ़। आम उपभोक्ताओं के साथ अब सरकारी कार्यालयों, आवासों में भी स्मार्ट मीटर लगाए जाएंगे। शहर में स्मार्ट मीटर लगाने वाली फर्म के कर्मचारियों ने सर्वे कर स्मार्ट मीटर लगाने का काम शुरू कर दिया है। अब तक शहरी क्षेत्र में कुल 19500 स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं।
जिले में पिछले साल जून से स्मार्ट मीटर लगाने का काम चल रहा है। छह वितरण खंडों में विभिन्न भार के कुल 6.90 लाख उपभोक्ता हैं। सभी उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट मीटर लगाने का निर्देश है लेकिन पहले चरण में वितरण खंड शहर में आने वाले 72 हजार उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट मीटर लगाए जाने हैं। इसके बाद ग्रामीण क्षेत्र के अन्य वितरण खंडों में भी स्मार्ट मीटर लगाए जाएंगे। हैदराबाद की एक फर्म सर्वे के बाद स्मार्ट मीटर लगा रही है। शहरी क्षेत्र में अब तक 19500 स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। काॅरपोरेशन से आए निर्देशों के अनुसार सरकारी कार्यालय, भवनों पर प्राथमिकता के आधार पर स्मार्ट मीटर लगाए जाएंगे। इसके साथ अन्य उपभोक्ताओं के यहां भी पुराने मीटरों को हटाकर स्मार्ट मीटर लगाने का काम चलता रहेगा। कारपोरेशन के निर्देशों के अनुसार, इस माह अधिक से अधिक उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट मीटर लग जाने चाहिए। अधिशासी अभियंता शहर रवि अग्रवाल ने बताया कि वितरण खंड शहर में 72 हजार उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट मीटर लगाए जाने हैं। अब तक 19500 स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। काॅरपोरेशन के निर्देश पर सरकारी कार्यालयों और आवासों पर प्राथमिकता के आधार पर स्मार्ट मीटर लगाए जाएंगे।