आजमगढ़। विद्युत विभाग ने प्रीपेड स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देते हुए एक महत्वपूर्ण नीतिगत बदलाव किया है। अब उपभोक्ताओं को रात के समय अंधेरे में रहने की चिंता नहीं करनी होगी।
विभाग के फैसले के अनुसार, यदि किसी उपभोक्ता का बैलेंस रात में समाप्त हो जाता है या माइनस में चला जाता है, तो शाम 6:00 बजे से सुबह 8:00 बजे तक उनकी बिजली सप्लाई बाधित नहीं की जाएगी।
एसडीओ (शहर) उपेंद्र चौरसिया ने बताया कि इस व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य उपभोक्ताओं को बेवजह की असुविधा से बचाना है। यह राहत केवल रात तक ही सीमित नहीं है, रविवार और अन्य राजपत्रित अवकाशों पर भी बैलेंस खत्म होने की स्थिति में कनेक्शन नहीं काटा जाएगा।
स्मार्ट मीटर व्यवस्था से तालमेल बिठाने के लिए विभाग ने नए उपभोक्ताओं को 30 दिनों का ग्रेस पीरियड दिया है।
इस शुरुआती एक महीने के दौरान, यदि बैलेंस खत्म होता है, तो भी बिजली आपूर्ति तीन दिनों तक लगातार जारी रहेगी ताकि उपभोक्ता आसानी से रिचार्ज करा सकें।
निगम ने उपभोक्ताओं को समय पर रिचार्ज के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से एक आकर्षक ऑफर भी पेश किया है। जो उपभोक्ता अपने खाते में एडवांस बैलेंस बनाए रखेंगे, उन्हें बिजली बिल में 2% की सीधी छूट दी जाएगी।
यदि रिचार्ज करने के बाद भी किसी तकनीकी कारण से बिजली सप्लाई सामान्य नहीं होती है, तो उपभोक्ता तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1912 पर कॉल कर सहायता प्राप्त कर सकते हैं।