आजमगढ़। एक तो जरूरत भर बिजली मिल नहीं रही है वहीं बिजली की दर में आग लगने से छोटे व्यापारियों में आक्रोश व्याप्त हो गया है। सरकार द्वारा दुकानो की बिजली का रेट बढ़ाये जाने पर छोटे व्यापारी खासा आक्रोशित है और जल्द बढ़ा दर वापस न होने की स्थिति में आंदोलन छेड़ने का मन बना रहे है।
पहले नोटबंदी, फिर जीएसटी और अब दुकानों की बिजली के लिए नया टेरिफ व्यापारियों को परेशान कर रखा है। व्यापारी वर्ग खास तौर से छोटे व्यापारी इस नये टेरिफ को लेकर खासा आक्रोशित है। लोगों का कहना है कि विभाग जरूरत भर बिजली तो उपलब्ध नहीं करा पा रहा है तो वहीं रेट में बेतहाशा बढ़ोत्तरी कर सिर्फ व्यापारियों का उत्पीडन ही किया जा रहा है। शहर से लेकर ग्रामीणांचल तक की बिजली व्यवस्था ध्वस्त प्राय: हो चुकी है। 24 घंटे में जला ट्रांसफार्मर बदलने का दावा सरकार करती है लेकिन शहर में ही जले ट्रांसफार्मरों को बदलने में तीन से चार दिन लग जाता है। ग्रामीण क्षेत्रों में तो स्थिति और खराब है। महीने-महीने भर विभाग जला ट्रांसफार्मर नहीं बदल पा रहा है। अब दुकानों की बिजली का दर बढ़ाये जाने का सीधा असर आम जनता पर पड़ेगा। महंगाई बढ़ेगी तो वहीं बड़े की अपेक्षा छोटे दुकानदार ज्यादा परेशान होंगे। छोटे व्यापारियों ने तो नये टेरिफ के खिलाफ आंदोलन का भी मन बना लिया है।