मुबारकपुर। कस्बे में छह माह के अंदर दूसरी बार फैली पीलिया को भी एक पखवारा से अधिक का समय हो गया है। इसके बाद भी स्वास्थ्य विभाग व नगर पालिका प्रशासन पीलिया पर नियंत्रण नहीं कर सका है। मंगलवार को दर्जन भर की जांच में आधा दर्जन नये पीलिया रोगी पाये गये।
पीलिया की चपेट में आये मुबारकपुर कस्बे में स्वास्थ्य विभाग, नगर पालिका व जिला प्रशासन की सारी कवायद फेल साबित हो रही है। शनिवार व रविवार को जहां एक भी नये मरीज नहीं मिले थे तो वहीं मंगलवार को सीएचसी पर हुई दर्जन भर लोगों की जांच में पांच नये मरीज चिन्हित किये गये। नये मरीजों में नयापूरा निवासी 40 वर्षीय शमीम पुत्र ऐनुलहक, अलीनगर निवासी 21 वर्षीय आसिफ पुत्र अशरफ व 24 वर्षीया उम्मे सलमा पुत्री अंसार की हालत गंभीर पाये जाने पर तीनों को सीएचसी पर भर्ती कर इलाज शुरू कर दिया गया है। वहीं दो अन्य में भी पीलिया के लक्षण पाये गये, जिन्हें दवा आदि देकर घर भेज दिया गया । इसके साथ ही एक अन्य मरीज प्राइवेट अस्पताल पर चिन्हित हुआ जहां उसका इलाज चल रहा है। वहीं नयापुरा मुहल्ले में भी पीलिया का मरीज पाये जाने के बाद इस मुहल्ले के लोगों में भी दहशत फैल गई है।