जीर्णोद्धार के बाद नवनिर्मित सीतापुर नेत्र चिकित्सालय नेत्र मंदिर का रविवार को वनमंत्री दुर्गा प्रसाद यादव और जिलाधिकारी सुहास एलवाई द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर उद्घाटन किया गया। वन मंत्री दुर्गा प्रसाद यादव ने कहा कि प्रदेश के ओजस्वी युवा मुख्यमंत्री ने जनपद को विकास के क्षेत्र में गति दी है। आज तक किसी भी सरकार में ऐसा विकास नहीं हुआ।
जिले के विकास के लिए जो भी प्रस्ताव शासन को गया, उसकी स्वीकृति के बाद विकास के लिए पैसा भी उसी के अनुरूप आया है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय बनाने के लिए जमीन मिल गई है। उन्होंने कहा कि आज सीतापुर आंख अस्पताल का उद्घाटन किया गया। इस अस्पताल में अच्छे से अच्छे डाक्टर आएंगे और मरीजों को अच्छी से अच्छी सुविधाएं मुहैया कराई जाएगी।
उन्होंने कहा कि अस्पताल में अच्छेे वृक्षों लगाया जाए ताकि वातावरण शुद्ध रहें। जिलाधिकारी सुहास एलवाई ने कहा कि इस अस्पताल के जीर्णोद्धार की बात आई तो उन्होंने प्रयास किया। गरीबों, बुजुर्गों को अच्छी से अच्छी सुविधा मिले। उन्होंने कहा कि इस अस्पताल को बेहतर ढंग से चलाया जाएगा ताकि जनपद के अलावा अन्य जनपद के लोग यहां आकर इलाज कराएं।
यह अस्पताल प्रतिदिन प्रात: आठ बजे से अपराह्न दो बजे तक खुला रहेगा। उद्घाटन के अवसर पर आज 200 मरीजों के आंखों का परीक्षण करते हुए उन्हें मुफ्त दवाएं और चश्मा वितरित किया गया। इस मौके पर नगरपालिका अध्यक्ष इंदिरा देवी जायसवाल, सीएमओ डा. काली प्रसाद, आशीष गोयल, प्रवीण सिंह, बरवारी लाल जालान, इंदुभूषण अग्रवाल, राहुल गोयल, शुभम गोयल, प्रभाकर सिंह, मनोज वर्मा, ज्ञानू सिंह आदि उपस्थित थे।