आजमगढ़। एसआईआर का कार्य के कारण 28 नवंबर से परिषदीय स्कूलों में होने वाली अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं को टाल दिया गया है। परीक्षाएं अब 10 दिसंबर से होंगी। हालांकि, परीक्षा की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। प्रदेश में एसआईआर की प्रक्रिया चलने के कारण परिषदीय स्कूलों की शुक्रवार से होने वाली अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं का स्थगित कर दिया गया है। परीक्षा का आयोजन 28 नवंबर से तीन दिसंबर तक होना था लेकिन परिषदीय स्कूलों के अधिकांश शिक्षकों व शिक्षामित्रों की ड्यूटी बतौर बीएलओ लगाई गई है।
इस कारण स्कूलों में पढ़ाई का काम भी प्रभावित हो रहा है। इसी को देखते हुए परीक्षाओं को फिलहाल टाल दिया गया है। परीक्षाएं अब 10 दिसंबर से शुरू होकर 15 दिसंबर तक चलेगी। इस संबंध में बेसिक शिक्षा निदेशक की और से भी सभी बीएसए को पत्र जारी कर दिया गया है। परीक्षा का आयोजन दो पालियों में होगा। पहली पाली सुबह 9.30 बजे से 11.30 बजे तक व दूसरी पाली 12.30 बजे से 2.30 बजे तक आयोजित होगी। बीएसए राजीव कुमार पाठक ने बताया कि परीक्षा का आयोजन अब नई समय सारिणी के अनुसार कराया जाएगा।