आजमगढ़। जिले में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) का कार्य 100 फीसदी पूरा कर लिया गया है। जिले मेें कुल 37,14,258 मतदाताओं में से 31,16,580 मतदाताओं के गणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन कर दिया गया है। एक माह से अधिक समय से चल रही एसआईआर प्रक्रिया में 596036 मतदाता घट जाएंगे।
चुनाव आयोग के निर्देश पर एसआईआर के तहत मतदाता सूची को वेरिफाई, सही और अपडेट किया जा रहा है। इसमें मतदाता सूची सहित मतदाताओं की काफी गहन जांच हो रही है। घर-घर जाकर बीएलओ मतदाताओं का सत्यापन कर रहे हैं। इसके लिए जिले में कुल 3869 बूथों पर बीएलओ की टीम लगाई गई थी।
इसके लिए 392 सुपरवाइजर को भी लगाया गया है। घर-घर मतदाताओं से 2003 की मतदाता सूची से मिलान किया गया। इसमें एक-एक मतदाताओं की पूरी जानकारी जुटाई गई। इसमें मृतक मतदाताओं से लेकर बाहरी तक की पहचान की गई। इसमें 596036 मृतक, शिफ्टेड और डबल वाले पाए गए। ऐसे नामों को सूची से काटकर हटाया जा रहा है। वहीं सही मतदाताओं की सूची की फीडिंग की जा रही है।
विधानसभा - कुल मतदाता - मृतक - गैरहाजिर - शिफ्टेड -
1- अतरौलिया - 384204 - 8871 - 9847 - 26291
2- गोपालपुर - 361175 - 10171 - 13359 - 22372
3- सगड़ी - 346239 - 9166 - 9502 - 22035
4- मुबारकपुर - 362192 - 9451 - 17473 - 23524
5- आजमगढ़ - 398368 - 10141 - 35304 - 28551
6- निजामाबाद - 334251 - 9744 - 6906 - 28880
7- फूलपुर पवई - 336499 - 8623 - 8608 - 26169
8- दीदारगंज - 369545 - 12336 - 11538 - 26958
9- लालगंज - 412443 - 11697 - 11538 - 26958
10- मेंहनगर - 409342 - 11144 - 17289 - 26574
आजमगढ़ सदर में 23 फीसदी बोगस वोटर
जिले की कुल 10 विधानसभा सीटों में से सबसे अधिक 23.31 फीसदी बोगस मिले। एक माह से अधिक समय तक चली एसआईआर प्रक्रिया में सदर विधानसभा में कुल 92855 वोटर बोगस मिले। इसमें 2.55 फीसदी वोटर तो मृतक पाए गए हैं। साथ ही 8.86 फीसदी वोटर अनुपस्थित पाए गए। 7.17 फीसदी वोटर दूसरी जगहों पर शिफ्ट कर गए हैं।
432992 वोटरों की मैपिंग बाकी
जिले में एसआईआर प्रक्रिया को तेजी से पूरा किया जा रहा है। इसमें असल वोटरों को जहां डिजिटाइज किया जा रहा है ताे बोगस वोटरों का नाम सूची से हटाया जा रहा है। अभी तक जिले में 432992 वोटर ऐसे हैं जिनकी मैपिंग होनी बाकी है। प्रशासनिक मशीनरी प्रक्रिया में चली हुई है।
जिले में एसआईआर का कार्य 100 प्रतिशत पूरा कर लिया गया है। जिले में कुल 37,14,258 में से 31,67,780 मतदाताओं का डिजिटाइजेशन हो गया है। इसमें मृतक, बाहरी ऐसे अपात्र लोगों का नाम मतदाता सूची से काटा जाएगा। - राहुल विश्वकर्मा, एडीएम।