मतदाता सूची से बड़े पैमाने पर नाम हटाए जाने से आजमगढ़ सदर विधानसभा क्षेत्र सबसे अधिक प्रभावित हुआ है। यहां कुल 3,98,368 पंजीकृत मतदाताओं में से 89,960 (22.55 प्रतिशत) नाम काटे गए, जो जिले में सर्वाधिक है। इनमें 10,166 मृत, 33,917 मतदाता मौके पर नहीं मिले, जबकि 28,605 मतदाता स्थानांतरित हो चुके हैं।
2022 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के दुर्गा प्रसाद यादव ने भाजपा के अखिलेश मिश्रा को मात्र 16,036 वोटों के अंतर से हराया था। चुनाव में सपा के दुर्गा को 1,00,813 और भाजपा के अखिलेश मिश्रा को 84,777 वोट मिले थे। अब 89,960 वोटों की कटौती से जीत का मार्जिन पूरी तरह प्रभावित हो सकता है। इससे आगामी चुनावों में सीट पर समीकरण बदल सकता है।
एडीएम प्रशासन राहुल विश्वकर्मा ने बताया कि यह कार्रवाई बोगस, दोहरे पंजीकरण और अपात्र मतदाताओं को हटाने के लिए की गई है, ताकि सूची शुद्ध हो सके। जिले में कुल 37,14,258 मतदाताओं में से 5,81,185 यानी 15.56 प्रतिशत नाम हटाए गए हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि कटे हुए वोट किसी एक वर्ग या क्षेत्र से अधिक जुड़े रहे हैं, तो आने वाले चुनावों में इसका सीधा असर परिणामों पर दिखेगा।