लॉकडाउन के दूसरे दिन शहर नरौली टैक्सी स्टैंड पर पसरा सन्नाटा।
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़। कर्फ्यू के दूसरे दिन रविवार की सुबह के समय पर सड़कों पर हल्की आवाजाही नजर आई लेकिन दिन चढ़ने के साथ ही सड़कों पर सन्नाटा पसर गया। प्रशासन द्वारा अठवरिया मैदान और वेस्ली कालेज में मंडी लगाने का सब्जी विक्रेताओं ने विरोधा किया है।
कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए सरकार द्वारा शनिवार और रविवार को दो दिन के कोरोना कर्फ्यू की घोषणा की गई है। कोरोना कर्फ्यू के दौरान दूध, फल-सब्जी और दवा की दुकानों के अलावा किराना, कपड़ा आदि की दुकानें बंद रही। जरूरी सामानों की खरीदारी के लिए सड़कों पर सुबह के समय भीड़भाड़ नजर आई। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया सड़कों पर सन्नाटा पसरता गया और लोग घरों में कैद हो गए। हालांकि सड़कों पर पुलिस कुछ जगहों पर ही नजर आई। वहीं सब्जी मंडी में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने इसे दो जगहों अठवरिया मैदान और वेस्ली इंटर कालेज में लगाने का निर्णय लिया था। इसके विरोध में सब्जी विक्रेता उतर गए हैं। विक्रेताओं ने अनिश्चित काल के लिए मंडी को बंद करने की घोषणा कर दी गई है। जिसके कारण सब्जी मंडी पूरी तरह से बंद रही। सब्जी के लिए पहुंचे लोगों को बिना खरीदारी के ही वापस होना पड़ा।