नगरिया स्वास्थ्य केंद्र दलसिंगार पर कोरोना की जांच के लिए जुटी भीड़।
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़। कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए प्रशासन इसे रोकने की कवायद में जुटा हुआ है। इसी क्रम में डीएम राजेश कुमार द्वारा तहसील स्तर पर एसडीएम की अध्यक्षता में कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है। साथ ही कोविड पाजीटिव मिलने वाले हर मरीज के पूरे परिवार को कोरोना संक्रमण के दौरान प्रयोग की जाने वाली दवाओं को देने की योजना तैयार की गई है।
जनपद में कोरोना का संक्रमण दिन प्रतिदिन कहर ढ़ा रहा है। कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा दिन प्रतिदिन नए रिकार्ड कायम कर रहा है। जिसे देखते हुए जिला प्रशासन इसे रोकने के लिए हर संभव कोशिश कर रहा है। डीएम राजेश कुमार ने बताया कि पहले सिर्फ जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित था। कोविड पाजीटिव मरीजों को यहां से फोन कर उनकी कुशल क्षेम पूछी जा रही है। लेकिन अब इसे तहसील स्तर पर भी स्थापित किया जा रहा है। जिसके अध्यक्ष एसडीएम होंगे। इनके द्वारा गांवों में बनाए जा रहे कंटेनमेंट जोन की डेली मानीटरिंग की जाएगी। साथ बाहर से आने वाले प्रवासियों की भी मानीटरिंग की जाएगी। कोरोना मरीजों तक दवाएं पहुंचाने का कार्य किया जाएगा। उन्होंने बताया कि हमारे द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से बात की गई है। अब आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को लगाया जाएगा जो कोरोना पीड़ित मिलने वाले हर मरीज को दवा पहुंचाएंगी। क्योंकि आरटीपीसीआर की रिपोर्ट कई दिन बाद आ रही है। जिसके कारण इन तक दवा पहुंचाना एक चुनौती होती है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता इस चुनौती को हल करेंगी। साथ ही हमने एक और निर्णय लिया है कि अब कोरोना पाजीटिव मरीज के साथ ही उसके परिवार के हर सदस्य को दवा उपलब्ध कराई जाएगी ताकि अगर किसी में लक्षण आता है तो वह इन दवाओं का सेवन कर सकेगा।