आजमगढ़। कोरोना संक्रमण पर लगाम को लेकर प्रदेश सरकार ने शुक्रवार की रात आठ बजे से बृहस्पतिवार की सुबह सात बजे तक कोरोना कर्फ्यू लगाया है। मंगलवार को कोरोना कर्फ्यू के दौरान दुकानें तो बंद रही लेकिन सड़कों पर लोगों की चहलकदमी में कमी नहीं नजर आई। वहीं शहर के कई हिस्सो में जाम का नजारा भी देखने को मिला।
कोरोना संक्रमण अपने चरम पर है। प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में नए संक्रमित मिल रहे है। वहीं मरने वालों की संख्या भी दिन प्रतिदिन बढ़ती ही जा रही है। जिसे देखते हुए प्रदेश सरकार ने शुक्रवार की रात आठ बजे से बृहस्पतिवार की सुबह सात बजे तक कोरोना कर्फ्यू का ऐलान किया हुआ है। इसके तहत जरूरी सामानों की दुकानों को छोड़ कर अन्य दुकानों को पूरी तरह से बंद रखने के अलावा लोगों से बिना जरूरत घर के बाहर न निकलने की अपील भी की गई है। इसके बाद भी लोग लापरवाही बरत रहे है। मंगलवार को कोरोना कर्फ्यू का कोई खास असर नहीं देखने को मिला। दुकाने जरूर बंद रही लेकिन सड़कों पर लोगों की चहलकदमी सामान्य दिनों की भांति ही नजर आयी। पुलिस महकमे की भी सक्रियता कहीं नहीं देखने को मिली जिसके चलते बिना जरूरत के भी लोग सड़कों पर चक्रमण करते नजर आए। शहर के पुरानी कोतवाली आसिफगंज आदि मुहल्लो में भीड़ का आलम यह था कि यहां जाम भी लगा नजर आया।