ऊंची गोदाम में 500 रुपये को लेकर दुकानदार और ग्राहक भिड़ गए। मौके पर पहुंची पुलिस की हेल्प लाइन नंबर 112 की पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने पर ले आई। पीड़ित पक्ष का आरोप था कि दुकानदार ने आधार संशोधन करने के नाम पर पांच माह पूर्व उससे 500 रुपये लिए थे। कहा गया था कि आधारकार्ड बनकर घर पहुंचेगा जो आज तक नहीं पहुंचा।
मेंहनगर थाना क्षेत्र के नई गांव निवासी किशन ने अपनी नानी अर्मिला (80) के आधार में संशोधन कराने के लिए रानी की सराय थाना क्षेत्र के ऊंची गोदाम स्थित एक जन सेवा केंद्र संचालक को पांच माह पूर्व 500 रुपये दिए थे। दुकानदार ने ऑनलाइन करने का हवाला देते हुए कहा कि आधार कार्ड घर पहुंच जाएगा। कई माह बीत गया लेकिन आधारकार्ड नहीं पहुंचा। किशन बुधवार की शाम जनसेवा केंद्र संचालक के यहां पहुंचा। आधार कार्ड न बनने की बात कहते हुए वह अपने दिए हुए 500 रुपये की मांग करने लगा। देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस की 112 नंबर ने दोनों को थाने ले आई। जहां दुकान संचालक को छोड़ दिया गया। वहीं किशन को थाने में बैठाया है।