कटानी बाजार। महराजगंज थाने के भीलमपुर गांव के पास सोमवार की रात बाइक पलटने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। वह अपनी बाइक से गोदाम पर गया था। वहां से दुकान पर लौट रहा था। इस दौरान वह हादसे का शिकार हो गया।
महराजगंज थाने के टेढ़िया बंजरिया गांव निवासी राजू यादव 38 पुत्र राजमन यादव सोमवार की रात लगभग 10:00 बजे वह सरदहा-शिवपुर मार्ग पर भीलमपुर पुल के पास दुर्घटना में घायल होकर पड़ा हुआ था। राजू की सरदहा बाजार में बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान थी। जिसका गोदाम उसने भीलमपुर पुल के पास बना रखा था। रात लगभग 10 बजे गोदाम से मोटरसाइकिल से दुकान लौट रहा था। रोड पर अचानक आए किसी जानवर को बचाने के चक्कर में पलटकर गिर गया। गंभीर रूप से घायल होने की सूचना ग्रामीणों ने उसके परिजनों को दी तो वह आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परशुरामपुर ले गए। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया।