थानेदार ने एक गाड़ी क्या पकड़ ली उसे वर्दी उतरवाने की धमकी तक मिल गई। हद तो तब हो गई जब यह धमकी एसपी के सीयूजी मोबाइल नंबर से दी गई। थानेदार को आवाज सुन शंका हुई तो उन्होंने एसपी के प्राइवेट नंबर पर बात की। पता चला कि एसपी ने फोन ही नहीं किया था।
मामला आजमगढ़ के अहरौला थाने का है। थानेदार संजय कुमार सिंह ने बताया कि उन्होने शुक्रवार को एक क्रेटा गाड़ी पकड़ी थी और उसे थाने में खड़ा कराया था। उसे छुड़ाने के लिए शुक्रवार से शनिवार शाम तक कई कॉल आए।
थानेदार पर बन रहा था तरह-तरह से दबाव
कॉल करने वाले का नाम अमित मोहन तिवारी निवासी करनपुर थाना अहरौला है। गाड़ी छोड़ने को लेकर वह थानेदार पर तरह-तरह से दबाव बना रहा था। यहां तक कि वर्दी उतरवाने की भी धमकी दे दी। शनिवार शाम थानेदार के नंबर पर एसपी के सीयूजी मोबाइल नंबर से फोन आया और कहा गया कि कोई क्रेटा गाड़ी पकड़े हो, उसे तत्काल छोड़ दो।