आजमगढ़। सिधारी थाना क्षेत्र के हरबंशपुर मोहल्ला के पास घोरठ गांव में शुक्रवार की सुबह एक वृद्ध का शव पाया गया। वह बृहस्पतिवार को भैंस चराने के लिए घर से निकला था और घर नहीं लौटा था। जिस पर पुत्र ने शहर कोतवाली में वृद्ध की गुमशुदगी भी दर्ज कराया था।
शहर कोतवाली के कोल बाजबहादुर गांव निवासी 65 वर्षीय बहादुर यादव पुत्र तिलकू यादव बृहस्पतिवार को घर से अपनी भैंस लेकर चराने के लिए निकले थे। परिवानों के अनुसार शाम पांच बजे के लगभग भैंस घर लौट आई लेकिन बहादुर घर नहीं पहुंचे। इस पर परिजनों ने बहादुर की खोजबीन शुरू कर दिया। सभी संभावित स्थानों पर खोजबीन के बाद भी जब उनका कुछ पता नहीं चला तो पुत्र नागेंद्र ने शहर कोतवाली में पिता की गुमशुदगी भी दर्ज करा दिया।
शुक्रवार की सुबह सिधारी थाना क्षेत्र के हरवंशपुर घोरठ स्थित स्कूल के पीछे करंट से झुलसे वृद्ध का शव ग्रामीणों ने देखा और सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची सिधारी थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त की कवायद में जुट गई। काफी देर बाद उसकी पहचान हुई। इसके बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना दी और फिर पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं मृतक के परिजनों ने बिजली विभाग के खिलाफ सिधारी थाने में तहरीर दिया है।
परिजनों का आरोप है कि बिजली विभाग के लटकते तार की चपेट में आकर वृद्ध की मौत हुई है। पूर्व में भी कई घटना मौके पर हो चुकी है, इसके बाद भी विभाग लटक रहे एचटी तारों को दुरूस्त नहीं कराया। इंस्पेक्टर सिधारी धर्मेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि मृतक छाता लेकर भैंस चरा रहा था। छाता ही हाईटेंशन तार में सट गया, जिससे उसकी झुलस कर मौत हो गई। परिजनों ने बिजली विभाग के खिलाफ तहरीर दी है। मृतक दो पुत्र व एक पुत्री का पिता था, घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है।