मेंहनगर। कस्बे के वार्ड नं- आठ जवाहर नगर निवासी भाजपा प्रबुद्ध प्रकोष्ठ के जिला सह संयोजक रणवीर सिंह उर्फ पप्पू सिंह के सुपुत्र शशांक शेखर सिंह का भारत सरकार द्वारा नामित जी-20 देशों के युवा सम्मेलन में चयन हुआ है। उनके इस चयन से जहां परिजनों में हर्ष व्याप्त है वहीं बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।
रणवीर सिंह ने बताया कि शशांक ने दूरभाष से बृहस्पतिवार की शाम को बताया कि शनिवार को जी-20 देशों के युवा सम्मेलन में वर्चुअल भाग लेना है। इस सूचना से परिवार में खुशी छा गई और बधाई देने के लिए मोहल्ले के लोग घर आने लगे। शशांक की शिक्षा दीक्षा प्राथमिक व उच्च प्राथमिक तक स्वामी विवेकानंद स्कूल मेंहनगर, इंटरमीडिएट भोपाल मध्यप्रदेश, स्नातक की डिग्री डा. राममनोहर लोहिया विधि विश्वविद्यालय लखनऊ, एलएल एम की डिग्री टेरी विश्वविद्यालय दिल्ली से ग्रहण कर रहे है। भाजपा नेता भूमि विकास बैंक के चेयरमैन अरविंद सिंह ने कहा कि जी-20 में चयन से पूरा जनपद गौरवान्वित महसूस कर रहा है। बधाई देने वालों में मेहनगर नगर पंचायत चेयरमैन अशोक चौहान, पंचायत इंटर कालेज गौरा के प्रधानाचार्य हरिपूजन सिंह, मैनेजर प्रहलाद सिंह, असिस्टेंट प्रोफेसर अवनीश सिंह, प्रधान चंद्रभूषण सिंह, प्रधान रामसरन, पूर्व मंडल अध्यक्ष व शासकीय अधिवक्ता राजेश सिंह आदि रहे।