अपराधी शंकर कन्नौजिया। स्रोत : पुलिस
आजमगढ़। यूपी एसटीएफ की वाराणसी यूनिट ने जहानागंज थाना क्षेत्र के नरेहथा पुलिया के पास मुठभेड़ में एक लाख के इनामी शंकर कन्नौजिया को ढेर कर दिया। शंकर पर सिर काटकर हत्या और लूट के कई मामले दर्ज थे और वह 14 साल से पुलिस को चकमा दे रहा था। 17 सितंबर 2024 को वाराणसी के एडीजी पियूष मोर्डिया ने शंकर कन्नौजिया पर एक लाख का इनाम घोषित किया था।
एडिशनल एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि एसटीएफ की वाराणसी यूनिट के निरीक्षक पुनीत परिहार के नेतृत्व में टीम को सूचना मिली कि रौनापार थाना क्षेत्र के हाजीपुर गांव निवासी शंकर कन्नौजिया बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए जा रहा है। वह अपने साथी के साथ हथियारों से लैस होकर सिंहपुर के रास्ते चक्रपानपुर होते हुए शहर की तरफ आ रहा है। भोर में करीब चार बजे नरेहथा पुलिया के पास चेकिंग के दौरान एसटीएफ ने उसे रोकने की कोशिश की, इस पर शंकर ने फायरिंग शुरू कर दी। इसी बीच उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला। शंकर की फायरिंग से एसटीएफ टीम के सदस्य बाल-बाल बच गए। जवाबी कार्रवाई में शंकर को गोली लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे मेडिकल काॅलेज चक्रपानपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आरोपी पर सिर काटकर हत्या और लूट की कई वारदातों में मुकदमे दर्ज हैं।
कारबाइन, पिस्टल और कारतूस बरामद
एसटीएफ ने शंकर के पास से एक 9 एमएम कारबाइन व एक मैगजीन, देसी पिस्टल 9 एमएम, एक खुखरी (धारदार हथियार), आठ जिंदा कारतूस 9 एमएम व 4 खोखा कारतूस 9 एमएम के बरामद हुए। आरोपी के खिलाफ आजमगढ़ व मऊ जनपद के थानों में हत्या, लूट व अपहरण समेत विभिन्न धाराओं में कुल 10 मुकदमे दर्ज हैं।