आजमगढ़। सरकारी योजना के तहत ब्याज-मुक्त लोन दिलाने का झांसा देकर गोरखपुर जिले की सात महिलाओं से करीब आठ लाख रुपये ठगी का मामला आया है।
आरोप सिधारी थाना क्षेत्र के शाहगढ़ निवासी मदनपाल शर्मा पर लगा है, जिसने पहले महिलाओं का विश्वास जीता, उनके आधार कार्ड लिए और फिर ऑनलाइन व नकद रुपयों की ठगी की। इस मामले में एसपी के निर्देश पर सिधारी थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
पीड़ित महिलाओं ने बताया कि मदनपाल का आना-जाना गोरखपुर के बासगांव मरवटिया गांव में मोहन के घर होता था। इसी संपर्क के चलते वह गांव की महिलाओं से परिचित हुआ और उन्हें भरोसा दिलाया कि उसका अधिकारियों से गहरा संबंध है और वह नई सरकारी योजना में 10-10 लाख रुपये का ब्याज-मुक्त लोन दिलवा सकता है। इसके लिए उसने प्रति महिला 50-50 हजार रुपये और आधार कार्ड मांगे। भरोसा करके महिलाओं ने कुल मिलाकर लगभग 7–8 लाख रुपये उसे दे दिए। इसके बाद आरोपी ने कभी अधिकारी के बाहर होने का बहाना बनाता तो कभी पिता के देहांत का, तो कभी और पैसे मांगता रहा।
पीड़ित महिलाएं बिंदू देवी, मीरा देवी, सुमित्रा, ईश्वरपति, सामा देवी, मंती देवी, सिमिरती, अत्वारी देवी सभी निवासी बासगांव मरवटिया, थाना बासगांव, गोरखपुर, उर्मिला देवी निवासी बाबू विशुनपुरा, चौरीचौरा, गोरखपुर 18 अगस्त को शाहगढ़ पहुंचीं।
तब मदनपाल ने 80-80 हजार रुपये लौटाने का वादा करते हुए 13 सितंबर को बुलाया। निर्धारित दिन जब महिलाएं फिर पहुंचीं तो घर पर ताला लगा मिला। फोन करने पर उसने जातिसूचक गालियां दीं और धमकी दी। महिलाओं ने पहले थाना सिधारी में शिकायत की जहां कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद शिकायत पर एसपी अनिल कुमार के निर्देश पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। थानाध्यक्ष सिधारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि एसपी के निर्देश पर धोखाधड़ी और धमकी देने की प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की विवेचना की जा रही है।