गोठाव गांव में पीड़ित परिवार की जांच करने पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम। संवाद
विकासखंड मोहम्मदपुर के ग्राम गोठांव में एक परिवार के सात सदस्य कीटनाशक उपचारित बीज का सेवन करने से बीमार हो गए। सूचना मिलने पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. एनआर वर्मा ने तत्काल स्वास्थ्य टीम को मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए। टीम ने प्रभावितों का चिकित्सकीय परीक्षण कर उपचार शुरू किया।
परिवार के घर में घरेलू अनाज और बोआई के लिए रागी के बीज अलग-अलग बोरियों में रखे थे। भ्रमवश परिवार के सदस्यों ने कीटनाशक उपचारित बीज खा लिए। शनिवार तड़के लगभग तीन से चार बजे के बीच उन्हें उल्टी और चक्कर आने की शिकायत हुई। प्रारंभिक स्तर पर परिजनों ने स्थानीय निजी चिकित्सक से उपचार कराया था। मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देश पर प्रभारी चिकित्साधिकारी रोहित मिश्रा स्वास्थ्य टीम के साथ गोठांव गांव पहुंचे। टीम ने सभी सात प्रभावित व्यक्तियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। उनकी स्थिति का आकलन कर तत्काल चिकित्सकीय परामर्श और इलाज शुरू किया गया। सीएमओ डाॅ. एनआर वर्मा ने बताया कि सभी सात प्रभावित व्यक्तियों की स्थिति अब सामान्य और नियंत्रण में है। किसी प्रकार की गंभीर चिकित्सकीय जटिलता की सूचना नहीं है। टीम को परिवार के सभी सदस्यों की सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।