उच्च न्यायालय की ओर से शिक्षामित्रों के समायोजन को रद्द करने से जनपद के शिक्षामित्र काफी आहत हैं। रविवार को उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षामित्र संघ ने कुंवर सिंह उद्यान में बैठक की, जिसमें इस फैसले के खिलाफ उच्चतम न्यायालय में अपील करने का निर्णय लिया गया। साथ ही सोमवार को जनपद के समस्त शिक्षामित्रों द्वारा मुख्य न्यायाधीश उच्चतम न्यायालय, उच्च न्यायालय, राज्यपाल, प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति को पत्र भेजकर इच्छा मृत्यु की मांग करेंगे।
उन्होंने कहा कि पिछले 15 वर्षों से किए गए कार्य, स्नातक और बीटीसी के बाद भी हमें शिक्षक पद के अयोग्य समझा गया, जो पूर्ण रूप से अन्यायपूर्ण है। हम इसके लिए मजबूती से उच्चतम न्यायालय और केंद्र सरकार से लड़ेंगे। संगठन के पदाधिकारियों ने समस्त शिक्षामित्रों से धैर्य बनाए रखने की अपील की।
बैठक के अंत में कोर्ट के फैसले से आहत होकर कुछ शिक्षामित्रों द्वारा आत्महत्या करने पर दुख व्यक्त किया गया और दो मिनट का मौन रखते हुए गतात्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की गई। इस मौके पर जिलाध्यक्ष देवसीप्रसाद यादव, अनिल विश्वकर्मा, अनिल कुमार यादव, राकेश यादव, रामअवतार, योगेंद्र, राजेश कुमार, राकेश, संतोष, राममिलन, प्रतिमा, रामविजय मौजूद थे।