आजमगढ़। पंदहा सैदपुर गांव में मंगलवार को डीएम ने चौपाल लगाई थी। इसमें गांव के कई लोगों ने डीएम से तत्कालीन सचिव राजनाथ तिवारी पर इंदिरा आवास के लिए पांच-पांच हजार घूस लेने और बिना टेंडर के ही 27 सोलर लाइटों की खरीद करने का आरोप लगाया था। डीएम के निर्देश पर डीपीआरओ श्रीकांत दर्वे ने दोषी सचिव को निलंबित करते हुए मुहम्मदपुर विकास खंड मुख्यालय से संबद्ध कर दिया है।
मंगलवार को डीएम एनपी सिंह की चौपाल में गांव के धनई, सोहन, बिरजू और दलसिंगार ने लिखित शिकायत की। उन्होंने डीएम को बताया कि गांव के तत्कालीन सचिव राजनाथ तिवारी द्वारा उनसे पांच-पांच हजार रुपये घूस लिया गया। ग्राम पंचायत में चतुर्थ राज्य वित्त एवं चौदहवां वित्त आयोग से 27 सोलर लाइट बिना टेंडर कराए ही स्थापित किया गया है। स्वच्छ भारत मिशन के तहत उपलब्ध कराई गई धनराशि को लाभार्थियों के खाते में स्थानांतरित नहीं की गई। अब लाभार्थियों के खाते में धनराशि स्थानांतरित की जा रही है। डीएम ने डीपीआरओ को सचिव को निलंबित करने का निर्देश दिया था। उनके इस निर्देश पर डीपीआरओ श्रीकांत दर्वे ने सचिव राजनाथ तिवारी को निलंबित करते हुए मुहम्मदपुर विकास खंड मुख्यालय से संबद्घ कर दिया है। एडीओ पंचायत ठेकमा को जांच अधिकारी नामित करते हुए तीन सप्ताह में आरोप पत्र गठित कर प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है।