आजमगढ़। कोरोना वायरस और कंपकंपाती सर्दी को देखते हुए शासन के निर्देश पर जिलाधिकारी ने स्कूलों का समय बदला है। कक्षा नौ से 12 तक की कक्षाओं को नए समय पर संचालित करने का आदेश मंगलवार की देर शाम को जारी किया है। जिले में स्कूल अब एक पाली में भी चलाए जा सकेंगे। यह आदेश सभी बोर्ड के स्कूलों पर लागू होगा।
जिला विद्यालय निरीक्षक डा. वीके शर्मा ने बताया कि कक्षा नौ से 12 तक के लिए स्कूल 10 से 3 बजे तक खुलेंगे। इससे पहले अक्तूबर 2020 में कक्षा नौ से 12 तक के लिए कक्षाएं दो पालियों में चलाने के आदेश जारी किए गए थे। प्रथम पाली में सुबह 8.30 बजे से 11 बजे तक तथा द्वितीय पाली कक्षा 11वीं व 12वीं व अपराह्न 12.30 बजे से 3.30 बजे तक प्रारम्भ किए जाने के लिए निर्देश दिया गया था। जिलाधिकारी राजेश कुमार ने निर्देश जारी किया है कि नौ से 12वीं तक के छात्रों की कक्षाएं सुबह 10 बजे से तीन बजे तक संचालित करें। वहीं कक्षा एक से आठ तक के स्कूल नहीं खोले गए हैं। इसके लिए स्कूल संचालक सरकार की गाइड लाइन का इंतजार कर रहे हैं।