आजमगढ़। जिले में पशु तस्करों और गोवध से जुड़े अपराधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान चल रहा है। चार दिन में दूसरी बार पुलिस और पशु तस्करों के बीच शुक्रवार की रात मुठभेड़ हुई। इसमें एक आरोपी तबरेज गोली लगने से घायल हो गया, उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल ने बताया कि बिलरियागंज थाना क्षेत्र में पशु तस्करी में वांछित आरोपी तबरेज को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि शुक्रवार की रात पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी, तभी सूचना मिली कि आरोपी जलालुद्दीन पट्टी मार्ग से छिछोरी की ओर आ रहा है। घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मसमर्पण की चेतावनी के बावजूद फायरिंग जारी रहने पर पुलिस ने कार्रवाई की। इसमें आरोपी के पैर में गोली लगी। उसे मौके से गिरफ्तार कर उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। पूछताछ में उसने 16/17 मार्च की रात ग्राम इमलीपुर में साथियों के साथ मिलकर संरक्षित पशुओं को मारने की बात कबूल की। पुलिस ने उसके पास से तमंचा व कारतूस बरामद किया है। आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
मुबारकपुर में हुई मुठभेड़ में दो तस्कर पकड़े गए थे
क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल ने बताया कि इससे पहले बुधवार की रात मुबारकपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बम्हौर में भी संरक्षित पशुओं को मारने व मांस की बिक्री के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों इमरान (28 वर्ष) और कासिद (21 वर्ष) को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया था। यह कार्रवाई पशुचोरी कर मारने की घटना के खुलासे के दौरान की गई थी। पुलिस ने घेराबंदी के दौरान जब संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी थी। जवाब में पुलिस की कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी थी। इस मामले में भी पुलिस ने तमंचा, कारतूस और फर्जी नंबर प्लेट लगी चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की थी।