अतरौलिया निरीक्षण भवन में बैठक के दौरान वार्ता करते ओम प्रकाश राजभर। संवाद
सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि एनडीए गठबंधन में विधानसभा सीटों के बंटवारे पर अभी कोई बातचीत नहीं हुई है। चुनाव अधिसूचना जारी होने के बाद ही इस पर निर्णय होगा। 25 सीटों की मांग संबंधी चर्चाओं को उन्होंने महज अटकल बताया।
उन्होंने उक्त बातें बृहस्पतिवार को अतरौलिया स्थित निरीक्षण भवन में कार्यकर्ताओं की बैठक में कहीं। राजभर ने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में सुभासपा विकास और सामाजिक न्याय के मुद्दों के साथ मैदान में उतरेगी। वह अपनी परंपरागत सीट जहूराबाद से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं।
उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव को भी जहूराबाद से चुनाव लड़ने की चुनौती दी। अखिलेश की ओर से 36 सीटों की सूची सार्वजनिक करने के दावे को राजनीतिक शगूफा बताया। गाजियाबाद जेल में बंद आजम खान से शिवपाल यादव की मुलाकात पर राजभर ने कहा कि इससे सपा को कोई राजनीतिक लाभ नहीं मिलेगा।
प्रदेश में 26 हजार स्कूल बंद होने के विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि कम छात्र संख्या वाले विद्यालयों के बच्चों को नजदीकी स्कूलों में समायोजित किया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग की बदहाली, पुलिस पर फर्जी मुकदमे दर्ज करने और छोटे व्यापारियों की परेशानी संबंधी विपक्ष के आरोपों को भी उन्होंने निराधार बताया। कहा कि व्यापारी वर्ग संतुष्ट है और विपक्ष के पास जनता के बीच उठाने के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है।