निजामाबाद सहकारी क्रय-विक्रय समिति पर यूरिया खाद वितरण के लिए लोगों की भीड़।
- फोटो : AZAMGARH
निजामाबाद। किसान यूरिया के लिए किस हद तक परेशान है इसका नजारा सोमवार को निजामाबाद सहकारी क्रय विक्रय समिति व क्षेत्रीय सहकारी समिति पर देखने को मिला। जहां यूरिया बंटने की सूचना पर काफी संख्या में किसान एकत्र हो गए। मौके पर पहुंचे एसडीएम ने फोर्स के साथ खुद खड़े होकर यूरिया का वितरण कराया।
सोमवार को दोनों समितियों पर यूरिया आने की सूचना पर सैकड़ों की संख्या में किसान एकत्र हो गए। भीड़ को देखते हुए आनन-फानन में इसकी सूचना डीएम को दी गई। डीएम के निर्देश पर एसडीएम निजामाबाद राजीव रतन सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों से सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराते हुए समितियों का निरीक्षण किया। उनके स्टाक रजिस्टर, यूरिया का मूल्य की जांच की। सब कुछ सही मिलने पर स्वयं खड़े होकर लगभग एक घंटे तक किसानों को यूरिया का वितरण कराया। निजामाबाद सहकारी क्रय-विक्रय समिति में कुल 569 बोरी यूरिया खाद का आज किसानों में वितरण किया गया । वहीं क्षेत्रीय सहकारी समिति में 350 बोरी यूरिया किसानों को वितरित की गई।
लोगों की मजबूरी का फायदा उठा रहे दुकानदार
अतरौलिया। यूरिया खाद की कमी के चलते जहां किसान बेबस नजर आ रहा है तो वहीं कुछ दुकानदार मुनाफाखोरी के चक्कर में किसानों का शोषण करने से बाज नहीं आ रहे हैं। जोहपतपुर के एक खाद विक्रेता ने भेलाडाड़ के एक किसान प्रवेश कुमार को यूरिया खाद की कमी बताकर 500 रुपये में यूरिया खाद के साथ एक पैकेट जिंक और सल्फर की अनिवार्यता बता कर खाद देने की बात कही। उस किसान ने जब यूरिया के साथ अन्य खाद लेने की अनिवार्यता पूछी तो उन्होंने कहा कि यूरिया के साथ यह अनिवार्य शर्त है लेना हो तो ले लो नहीं तो मत लो। मजबूरी और आवश्यकता के चलते किसान ने एक हजार रुपए देकर दो बोरी यूरिया खाद खरीदा। पीड़ित कृषक द्वारा इसकी शिकायत जिला भूमि संरक्षण अधिकारी के यहां की गई तो वहां से आनन-फानन में सहायक विकास अधिकारी कृषि अली अहमद अंसारी से पूरी घटना की जानकारी मांगी गई।