आजमगढ़। जिले के माध्यमिक विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं की खेल प्रतिभा को निखारने के उद्देश्य से वार्षिक विद्यालयी खेल कार्यक्रम का शुभारंभ हो गया है। माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से 18 जुलाई से शुरू हुए इस कार्यक्रम के तहत नवंबर तक ब्लॉक, जिला, मंडल और प्रदेश स्तर पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसे लेकर विद्यालयों में तैयारियां तेज हो गई हैं और खिलाड़ियों ने भी अभ्यास शुरू कर दिया है। प्रतियोगिताओं की शुरुआत विद्यालय स्तर से होगी। विद्यालय स्तर पर चयनित खिलाड़ी ब्लॉक, जिला, मंडल और अंत में प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करेंगे। इसके लिए सभी विद्यालयों को आयु वर्ग के अनुसार खिलाड़ियों का पंजीकरण कर सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) अजय कुमार ने बताया कि जनपदीय एवं मंडलीय खेल कार्यक्रम घोषित कर दिए गए हैं तथा प्रतियोगिताओं के लिए मैदानों का चयन भी कर लिया गया है। सभी विद्यालयों को निर्देशित किया गया है कि वे कम से कम दो खेलों में छात्र-छात्राओं की भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रदेश स्तर तक अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। विभाग का उद्देश्य अधिक से अधिक विद्यार्थियों को खेलों से जोड़ना और उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करना है। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक विद्यालय के लिए कम से कम दो खेलों में छात्र-छात्राओं की सहभागिता अनिवार्य की गई है।
33 खेलों में होगी प्रतिस्पर्धा
वार्षिक खेल कैलेंडर में हॉकी, तैराकी, डाइविंग, वाटर पोलो, तीरंदाजी, कराटे, शूटिंग, जिम्नास्टिक, टेबल टेनिस, बैडमिंटन, साइक्लिंग, हैंडबॉल, फुटबॉल, कुश्ती, जूडो, बास्केटबॉल, मलखंभ, क्रिकेट, कबड्डी, खो-खो, ताइक्वांडो, एथलेटिक्स, योगासन, फेंसिंग, टेनिस, योगा, ट्रायथलॉन, वॉलीबॉल, लॉन टेनिस आदि खेल शामिल किए गए हैं। प्रतियोगिताएं 14, 17 और 19 वर्ष आयु वर्ग के बालक व बालिका वर्ग में आयोजित होंगी।
अक्तूबर तक चलेंगी प्रतियोगिताओं की शृंखलाएं
मंडलीय प्रतियोगिताओं का क्रम जुलाई से शुरू होकर अक्तूबर के अंत तक चलेगा। जुलाई में हॉकी, तैराकी, तीरंदाजी, कराटे, शूटिंग और जिम्नास्टिक प्रतियोगिता होगी। अगस्त में हैंडबॉल, टेबल टेनिस, फुटबॉल, कुश्ती, जूडो, बॉस्केटबाल, मलखंभ, सितंबर में जूडो, बास्केटबॉल, मलखंभ, हॉकी, भारोत्तोलन, वॉलीबॉल, कलारीपयट्टू, बॉक्सिंग, सेपक टकरा, थांगता और योगासन, जबकि अक्तूबर में क्रिकेट, कबड्डी, खो-खो और ताइक्वांडो प्रतियोगिताएं होंगी।
महिला कोच और पात्रता प्रमाणपत्र अनिवार्य
बालिका टीमों के साथ महिला कोच या मैनेजर की उपस्थिति अनिवार्य होगी। सभी खिलाड़ियों को आधार कार्ड, जन्म प्रमाणपत्र या सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी आयु प्रमाणपत्र प्रस्तुत करना होगा। विद्यालयों को प्रतियोगिता से पहले सभी पात्रता प्रमाणपत्र तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी खिलाड़ी को तकनीकी कारणों से प्रतियोगिता से वंचित न होना पड़े।
आजमगढ़ को मिली योगासन की मेजबानी
जिले को कई मंडलीय प्रतियोगिताओं की मेजबानी भी मिली है। इनमें 14, 17 और 19 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं की प्रतियोगिताएं होंगी। वहीं प्रदेश स्तरीय योगासन की प्रतियोगिता के लिए आजमगढ़ को चुना गया है। 09 से 12 अक्तूबर तक योगासन की प्रतियोगिताएं खेली जाएंगी।