आजमगढ़। पुलिस ने विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर साइबर ठगी करने वाले आरोपी मुकेश यादव निवासी हैदराबाद छतवारा, सिधारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से फर्जी मालदीव वर्क परमिट, मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं। 5 जुलाई 2026 को साइबर सेल प्रभारी रवि प्रकाश गौतम को सूचना मिली थी कि क्षेत्र में एक व्यक्ति मालदीव में नौकरी दिलाने का झांसा देकर लोगों से ठगी कर रहा है। टीम ने यादव ढाबा के पास घेराबंदी करके बजाज प्लेटीना बाइक से आ रहे संदिग्ध को पकड़ा।
इस तरह करता था ठगी
एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि मुकेश यादव इंटरनेट से मालदीव का मूल वर्क परमिट डाउनलोड करता था। फिर फोटो एडिटिंग करके विभिन्न व्यक्तियों के नाम से फर्जी परमिट तैयार करता था। इन फर्जी परमिटों को वह व्हाट्सएप या प्रिंट कॉपी के माध्यम से पीड़ितों को भेजता था। इसके बदले में वे उनसे किस्तों में रुपये वसूलता था। आरोपी पहले मुंबई में मर्चेंट नेवी से संबंधित काम कर चुका है। जहां उसकी पहचान विदेश में रोजगार के इच्छुक श्रमिकों से हुई थी। उसने इन्हीं पुराने संपर्कों का दुरुपयोग करके लोगों को मालदीव सहित अन्य देशों में नौकरी दिलाने का झांसा दिया था।
बैंक खाते का दुरुपयोग और पुलिस की अपील
एसपी ग्रामीण ने बताया कि जांच में सामने आया कि आरोपी ने अपनी भाभी के दस्तावेज का दुरुपयोग करके यूनियन बैंक में एक खाता खुलवाया था। इस खाते के खिलाफ पश्चिम बंगाल में एक पीड़ित ने विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर 21 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी की थी। आरोपी ने पीड़ित से 35 हजार रुपये में विदेश भेजने का सौदा किया था।