मुबारकपुर के कटरा मुहल्ले में कराया जा रहा निर्माण। संवाद
आजमगढ़। मुबारकपुर नगरपालिका में भ्रष्टाचार का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अभी कर्मचारियों के ईपीएफ, ईएसआईसी की धनराशि जमा करने का प्रकरण ठंडा भी नहीं हुआ था फिर धांधली का मामला सामने आया है।
नगरपालिका के वार्ड नंबर 8 कटरा मोहल्ले में नाली निर्माण के दौरान लगाई जा रही पटिया में गड़बड़ी का मामला सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इस मामले में सीआरओ की ओर से दो सदस्यीय कमेटी का गठन कर जांच का निर्देश दिया गया है। मुबारकपुर नगरपालिका के वार्ड नंबर आठ के कटरा मुहल्ले में दो लाख रुपये से अधिक की लागत से नाली और रास्ते का निर्माण कराया जा रहा है। इस निर्माण में ठेकेदार द्वारा मानक की अनदेखी की जा रही है।
ठेकेदार द्वारा पुरानी पटिया को ही नाली पर लगाकर उसके ऊपर दो सेमी मसाला रखकर उसे नया रूप दिया जा रहा था। इसकी जानकारी मनोनीत सभासदों हसन नसीम, अमित सिंह पटेल, ध्रुव चौरसिया आदि को हुई तो उन्होंने पूरे कार्य का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। सामाजिक कार्यकर्ता आमिर फहीम ने इसकी शिकायत मुख्य राजस्व अधिकारी संजीव ओझा से कर दी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए सीआरओ ने एसडीएम सदर और पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता की टीम बनाकर जांच करने का आदेश दिया है।