पवई। परिषदीय विद्यालयों में बच्चों का नामांकन बढ़ाने के लिए स्कूल चलों अभियान रैली निकाली गई थी। पवई के 40 परिषदीय विद्यालयों में अभियान का कोई असर नहीं दिखा। जिसका परिणाम यह रहा कि शिक्षक 20 से अधिक बच्चों का अपने विद्यालयों में नामांकन नहीं करा पाए। मामांकन संताषजनक न मिलने पर इन विद्यालयों के शिक्षकों का वेतन रोक दिया गया है। इस कार्रवाई से शिक्षकों में हड़कंप मचा हुआ है।
खंड शिक्षा अधिकारी पवई पूजा पाठक ने बताया कि शैक्षिक सत्र 2022- 23 में स्कूल चलो अभियान के अंतर्गत नवीन नामांकन प्रारंभ है। क्षेत्र के परिषदीय विद्यालयों में नामांकन की समीक्षा की गई। समीक्षा में पाया गया कि अधिकतम विद्यालयों में निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष नए नामांकन में वृद्धि नहीं हुई है। जिसके कारण वहां पर तैनात प्रधानाध्यापक, सहायक अध्यापक, शिक्षामित्र व अनुदेशको का वेतन अवरूद्ध करते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के लिए पत्र भेज दिया गया है। बीईओ द्वारा कार्रवाई के लिए बीएसए को भेजे गए पत्र के बाद शिक्षकों में हड़कंप मचा हुआ है। प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष हरिप्रसाद सिंह के नेतृत्व में शिक्षकों ने बैठक किया। श्री सिंह ने कहा कि शिक्षक विपरीत मौसम में भी पूरी निष्ठा के साथ लक्ष्य को पूर्ण करने में प्रयासरत हैं। कई विद्यालयों में एक या दो स्टाफ होने की दशा में अध्यापक के प्रयास के बावजूद अभिभावक नामांकन में रुचि नहीं ले रहे हैं। खंड शिक्षा अधिकारी से मांग की गई कि बिना मान्यता वाले विद्यालयों के खिलाफ कार्रवाई की जाय साथ ही वेतन रोके जाने की कार्रवाई वापस ली जाये।