लाटघाट (आजमगढ़)। जनपद के सगड़ी तहसील क्षेत्र अजमतगढ़ ब्लॉक के सहसपुरा टेकनपुर गांव की बेटी को एमबीबीएस में प्रधम स्थान पाने पर दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विवि के 39वें दीक्षांत समारोह में स्वर्ण पदक दिया जाएगा। उन्होंने विवि के अंतर्गत संचालित बीआरडी मेडिकल कॉलेज में प्रथम स्थान पाया है।
दिव्या पांडेय के पिता अरविंद कुमार पांडेय पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी में सीनियर सेक्शन इंजीनियर (निर्माण) हैं। माता नंदिनी पांडेय गृहिणी और भाई आशीष पांडेय बीटेक कर रहा है। भाई अभिषेक पांडेय भी बीडीएस कर रहा है। दिव्या की प्राथमिक से लेकर इंटर तक की शिक्षा सनबीम स्कूल लहरतारा वाराणसी से हुई है। प्रथम प्रयास में ही प्रवेश परीक्षा पास कर दिव्या ने बीआरडी मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस में दाखिला लिया था।
दिव्या पांडेय को वर्ष 2020 चिकित्सा संकाय में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने पर दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विवि द्वारा आयोजित 39वें दीक्षांत समारोह में 12 अप्रैल को स्वर्ण पदक से सम्मानित किया जाएगा। कुलसचिव गोरखपुर में दिव्या पांडेय को इसके लिए पत्र भेजा गया है। दिव्या पांडेय के चाचा शिक्षक दिनेश कुमार ने बताया कि सूचना पाकर परिवार और गांव में खुशी की लहर है।