पटपध सुधाकर में गोली चलने के बाद मौके पर जानकारी लेती पुलिस।
- फोटो : AZAMGARH
गोरिया बाजार। बिलरियागंज थाना क्षेत्र के पटवध सुधाकर में मनरेगा के तहत सोमवार की सुबह पोखरी की खुदाई हो रही थी। इसी दौरान दो पक्ष आपस में भिड़ गए। एक पक्ष द्वारा की गई फायरिंग में पांच लोग घायल हो गए। एक व्यक्ति को गोली लगी है तो शेष अन्य छर्रा लगने से घायल है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायलों को अस्पताल भेजने के साथ ही जांच पड़ताल में जुट गई। वहीं घायल पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने नौ के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।
पटवध सुधाकर गांव में सोमवार की सुबह सरकारी पोखरी में मनरेगा के तहत खुदाई का कार्य किया जा रहा था। पंचायत मित्र अवनीश पुत्र रविंद्र नाथ राय पोखरी खुदवा रहे थे। इस दौरान केदार राय मौके पर पहुंच गए और बगल में स्थित बांस की खूंटी को अपना बताने लगा। इसी दौरान दो पक्षों में कहासुनी होने लगी। एक पक्ष ने कहासुनी के दौरान ही तमंचे से फायर करना शुरू कर दिया। जिससे गोली व छर्रा लगने से रविंद्रनाथ (62), सुमित्रा देवी (55) पत्नी रविंद्र राय, खुशी राय (16) पुत्री प्रवीण कुमार राय, प्रवीण (33) पुत्र विद्या सागर, राजेंद्र राय (65) पुत्र सतिराम घायल हो गए। रविंद्र राय के बांह में गोली लगी है। अन्य सभी छर्रा लगने व मारपीट में घायल हुए है। घटना की जानकारी होते ही बिलरियागंज थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। वहीं गांव में फोर्स की तैनाती कर दी गई। एसपी ग्रामीण सिद्धार्थ, सीओ सगड़ी अजय यादव के साथ ही काफी संख्या में फोर्स मौके पर पहुंच गई। एसओ धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि पांच दिनों से पोखरी की खुदाई चल रही थी। अचानक विवाद हुआ और घटना घट गई। घायलों की तरफ से नौ लोगों के खिलाफ तहरीर दी गई। जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। कुछ लोग हिरासत में भी है। नामजद किए गए लोगों में दिपांश राय, अर्पित राय, अंकित राय, आयूष राय, अरविंद राय, प्रवीण राय, राजेश राय, प्रशांत राय व केदार राय शामिल है।
-