आजमगढ़। ह्यूमन मेटान्यूमो वायरस (एचएमपीवी) के देश में सामने आ रहे मामलों के बाद जिले के स्वास्थ्य विभाग ने भी सतर्कता बढ़ा दी है। स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों में सर्दी, खांसी, बुखार और कफ के गंभीर लक्षण वाले मरीजों के आरटीपीसीआर जांच कराने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही टीबी की भी जांच आरटीपीसीआर और ट्रू नेट मशीन से की जा रही है। इसके लिए सीएमओ ने सभी चिकित्सकों को निर्देश दिया है।सीएमओ ने सभी चिकित्सा अधिकारियों को इन्फ्लूएंजा और गंभीर तीव्र श्वसन के संबंधित रोगियों की निगरानी रखने को कहा है। बाहरी राज्यों और शहरों से आने वाले लोगों पर भी नजर रखने के निर्देश दिय है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि यह एक सामान्य वायरस है, इससे घबराने की आवश्यकता नहीं है। इसलिए पैनिक न हों। बताया कि इसके मुख्य लक्षण खांसी, बुखार, नाक बंद होना, गंभीर मामलों में सांस फूलना इत्यादि है। यह वायरस एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में खांसने, छींकने और हाथ मिलाने से फैलता है। स्वास्थ्य विभाग ने यह निर्देश भी दिया है कि जिन बच्चों को बुखार, खांसी के लक्षण हैं। उन बच्चों और उनके परिवार वाले मास्क जरूर पहनें।
00
वायरस खतरनाक नहीं है। फिर भी सभी को सावधान रहने की जरूरत है। अभी स्वास्थ्य विभाग की ओर से टीबी के मरीजों की जांच आरटीपीसीआर से की जा रही है। गंभीर मरीज मिलने पर आरटीपीसीआर से जांच कराई जाएगी। फिलहाल सभी को सावधानी बरतने की जरूरत है। - डॉ. अरविंद चौधरी, एसीएमओ, जिला चिकित्सालय, आजमगढ़।