आरटीओ कार्यालय में स्कूली वाहनों के फिटनेस की जांच करते एआरटीओ। संवाद
आजमगढ़। स्कूल खुलने के बाद कार्य दिवसों में स्कूल वाहनों की फिटनेस कराने में हो रही परेशानी को देखते हुए आजमगढ़ आरटीओ कार्यालय ने रविवार और अन्य अवकाश के दिनों में भी विशेष फिटनेस अभियान शुरू किया है।
एआरटीओ प्रशासन विष्णुदत्त तिवारी ने बताया कि जिले में अभी लगभग 150 से 200 स्कूल वाहनों की फिटनेस लंबित है। इसी को ध्यान में रखते हुए कार्यालय खोलकर वाहन स्वामियों को सुविधा दी जा रही है, ताकि बिना किसी बाधा के सभी स्कूल वाहन समय से फिटनेस करा सकें। एआरटीओ प्रशासन विष्णुदत्त मिश्रा ने बताया कि रविवार को फिटनेस के लिए कुल 12 गाड़ियां आई लेकिन नौ का ही फिटनेस हो सका। बाकी तीन वाहनों को दूसरे दिन बुलाया गया कारण के उनके वाहन में रॉड नहीं लगा था। उन्होंने कहा कि कार्यालय में फिटनेस जांच के साथ फीस जमा करने की भी व्यवस्था की गई है। जरूरत पड़ने पर आगे भी प्रत्येक रविवार को कार्यालय खोला जाएगा, जब तक सभी वाहनों की फिटनेस प्रक्रिया पूरी नहीं हो जाती। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि बिना फिटनेस कोई भी स्कूल वाहन सड़क पर संचालित न किया जाए। शासन स्तर से सख्त निर्देश जारी हैं और फिटनेस न कराने वाले स्कूलों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। साथ ही स्कूल की मान्यता समाप्त करने तक की कार्रवाई की जा सकती है। उन्होंने सभी स्कूल संचालकों और वाहन स्वामियों से समय रहते वाहनों की फिटनेस कराने की अपील की है। फिटनेस से जुड़ी किसी भी समस्या या सहयोग के लिए 8005441142 नंबर पर संपर्क किया जा सकता है।