देवगांव कोतवाली क्षेत्र के लालगंज बाजार में सिनेमाहाल तिराहे पर शनिवार दोपहर दवा लेने आए तीन युवकों को कुछ मनबढ़ों ने एटीएम कार्ड चोर बताकर पीटा। साथ ही उनके एटीएम कार्ड तथा दो हजार रुपये छीन लिए। पुलिस ने घायलों और हमलावरों को हिरासत में लेकर थाने गई। पूछताछ के बाद पुलिस हमलावरों को थाने में बैठा ली। घायलों का रुपया और एटीएम कार्ड वापस कराई।
मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के खुशनामपुर कम्हरिया गांव निवासी सुनील यादव, सतीश यादव, रामसरन यादव शनिवार की दोपहर बाइक से लालगंज बाजार में दवा लेने आए थे। डाक्टर का सही पता मालूम नहीं था। तीनों भटकते-भटकते सिनेमा हाल तिराहे पर पहुंच गए। बाइक सवार डाक्टर का पता पूछने के लिए रुके।
इसी बीच लालगंज निवासी दो युवक बाइक से से आए और किसी बात को लेकर तीनों से विवाद कर लिया। मनबढ़ों ने तीनों युवकों को एटीएम चोर बताकर मारना शुरू कर दिया। तीनों के पास मौजूद एटीएम कार्ड और दो हजार रुपये भी छीन लिए। जान बचाकर दो युवक भाग गए। फोनकर गांव के अधिवक्ता को आपबीती बताई। युवकों ने अधिवक्ता को बताया कि उनका साथी मनबढों के चंगुल में है।
सूचना पर अधिवक्ता मौके पर पहुंचे। अधिवक्ता के पूछताछ करने पर मनबढ तीसरे युवक को छोड़कर फरार हो गए। बाद में अधिवक्ता की सूचना पर चौकी प्रभारी लालगंज मौके पर पहुंचे। घटनाक्रम से अवगत होने के बाद पुलिस हमलावरों का पता लगाकर उन्हें कोतवाली ले गई। प्रभारी कोतवाल जगदीश उपाध्याय ने बताया कि पूछताछ में घायल युवक निर्दोष मिले। हमलावरों से उनके एटीएम कार्ड व रुपया वापस दिलाया गया। मनबढ़ों को बैठाया गया है।