आजमगढ़। दिल्ली-आजमगढ़ कैफियात एक्सप्रेस ट्रेन की बोगी में लावारिस हाल में यात्री का समान से भरा बैग व बर्तन से भरी बोरी को जीआरपी व आरपीएफ की टीम ने बरामद कर यात्री की तलाश कर उसे बैग लौटाया। सामान के साथ साथ तीन लाख के जेवर, बर्तन और कपड़े थे। गुम हुए बैग को पाकर यात्री के चेहरे पर मुस्कान लौट आई। यात्री रवि कुमार भारती मऊ के दोहरीघाट थाना क्षेत्र के चक भगवान दास गांव का रहने वाले हैं।
छठ को देखते हुए जीआरपी थाना प्रभारी बीबी राजभर व आरपीएफ थाना प्रभारी अभय कुमार राम अपनी टीम के साथ रविवार को कैफियात एक्सप्रेस ट्रेन में चेकिंग कर रहे थे। ट्रेन के कोच-बी टू के सीट नंबर 15 व 16 के नीचे बैग मिला। इसमें कपड़े व जेवरात थे। वहीं बर्तन से भरी बोरी मिली। ट्रेन के टीटी से संपर्क कर सीट पर यात्रा कर रहे यात्रियों की सूची व मोबाइल नंबर ली। यात्री के माेबाइल पर संपर्क किया तो उसने अपना नाम रवि कुमार भारती बताया। बताया कि वह पिता हरिनाथ व माता सविता देवी व पत्नी वंदना के साथ दिल्ली से आजमगढ़ रेलवे स्टेशन तक की यात्रा कोच नंबर बी-टू के सीट नंबर 16, 17, 18 व 21 पर यात्रा कर रहे थे। जल्दबाजी में वह सामान से भरा बैग ट्रेन में ही भूलकर घर चला गया। मां सविता ने बैग में रखे सामानों की जानकारी दी। पुलिस ने पूरी तरह से पुष्टि होने के बाद बैग मालिक को सौंप दिया।