एडीजी ला एंड आर्डर दलबीर चौधरी ने कहा कि जिले में उपद्रव करनेवालों और अफवाह फैलानेवालों के खिलाफ रासुका के तहत कार्रवाई की जाएगी। उधर, खुदादारपुर, वनगांव, फरिहां, फरिदाबाद में हुई हिंसक घटनाओं के बाद शांति व सुरक्षा के लिए एहतियात के तौर पर जिलाधिकारी ने 18 मई तक जिले में इंटरनेट सेवा को बंद करा दिया है।
निजामाबाद क्षेत्र में 14 से 15 मई की रात हुई हिंसक घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए सोमवार को सरायमीर पहुंचे एडीजी ला एंड आर्डर दलबीर चौधरी ने दोपहर मंडलायुक्त आरपी गोस्वामी, आईजी एसके भगत, जिलाधिकारी सुहास एलवाई, एसपी दयानंद आदि अधिकारियों के साथ बैठक की। सुरक्षा इंतजामों की जानकारी लेने के बाद उन्होेंने शांति व्यवस्था के लिए हरसंभव कदम उठाने पर जोर दिया। उन्होंने अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। साथ ही चेतावनी देते कहा कि उपद्रव करनेवाले और अफवाह फैलानेवालों के खिलाफ रासुका के तहत कार्रवाई की जाएगी। अमन-चैन से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उधर, जिलाधिकारी सुहास एल वाई ने एहतियात के तौर पर 18 मई तक के लिए इंटरनेट सेवा को ठप बंद करा दिया है। ताकि अफवाह फैलानेवाले सोशल मीडिया का सहारा न ले सकें। नेटवर्क बाधित हो जाने से मीडिया कार्यालयों और इंटरनेट से जुडे़ अन्य कार्य सोमवार शाम से बाधित हो गए।