मोलनापुर ओवर ब्रिज के पास रोडवेज बस ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। घटना में तीन लोग बुरी तरह घायल हो गए। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने एक को मृत घोषित कर दिया और दो का इलाज जारी है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बस ड्राइवर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
आजमगढ़-वाराणसी मार्ग पर शनिवार को एनएच-233 के मोलनापुर ओवर ब्रिज के समीप एक रोडवेज बस ने बाइक सवार तीन युवकों को पीछे से टक्कर मार दिया। इससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए पास एक अस्पताल में ले गए जहां हालत गंभीर देख चिकित्सक ने हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया जहां पर एक युवक को मृत घोषित कर दिया गया। बाकी के दो युवकों का उपचार चल रहा है।
विज्ञापन
जानकारी के मुताबिक जौनपुर जनपद चंदवक थाना क्षेत्र के सतमेसरा गांव निवासी आकाश राजभर (22), मुकेश राजभर (17) और सदानंद राजभर (22) बाइक से आजमगढ़ आए थे। वह जैसे ही आजमगढ़-वाराणसी मार्ग पर मोलनापुर ओवर ब्रिज के समीप पहुंचे थे कि रोडवेज बस ने उन्हें टक्कर मार दी। इस हादसे में तीन गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को लालगंज के सौ शैय्या चिकित्सालय पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने उनकी गंभीर हालत को देखते ही हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। वहीं, टक्कर मारने वाली रोडवेज बस मौके से चली गई। घायलों के परिजन उन्हें लेकर शहर के एक निजी अस्पताल में पहुंचे जहां पर चिकित्सक ने आकाश राजभर को मृत घोषित कर दिया। वहीं, मुकेश और सदानंद का इलाज चल रहा है।
विज्ञापन
एक साल में उजड़ गया अंजलि का सुहाग
आकाश की शादी 23 अप्रैल 2024 को अंजलि के साथ हुई थी। शादी को अभी एक साल और छह दिन ही हुए थे कि यह हादसा हो गया। चार भाई-बहनों में आकाश दूसरे नंबर पर थे, उनकी एक बड़ी बहन, एक छोटी बहन और एक छोटा भाई है। नवविवाहित अंजलि का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक आकाश राजभर के पिता रमेश राजभर ने कोतवाली में नामजद तहरीर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। - विमल प्रकाश राय, कोतवाल देवगांव।