आजमगढ़। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत शासन की ओर से 24 सड़कों के पुनर्निर्माण के लिए 81 करोड़ के प्रस्ताव को स्वीकृति दे दी गई है। 12 ब्लॉकों की इन 24 सड़कों के पुनर्निर्माण के लिए जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी पीडब्ल्यूडी की ओर से कर ली गई है। टेंडर के बाद सड़कों का कायाकल्प शुरू हो जाएगा।
ये सड़कें काफी पुरानी है और जर्जर स्थिति में है। इन पर आवागमन में ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत पिछले दिनों पुनर्निर्माण के लिए सड़कों का चयन किया गया था। चयन के लिए पांच प्रमुख मानदंड तय किए गए थे। सड़कों का चयन बसावट की जनसंख्या, बाजार, शिक्षा, मेडिकल सुविधा और परिवहन पर अंक देकर किया गया था। प्राथमिकता के आधार पर प्रखंड कार्यालय, स्थानीय बाजार, बस स्टैंड, पेट्रोल पंप, अस्पताल, स्कूल, कालेज, हाट बाजार को जोड़ने वाली सड़कों को इसमें शामिल किया गया था। मापदंड पर खरी उतरने वाली सड़कों को ही पुनर्निर्माण के लिए चयनित कर प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। पीडब्ल्यूडी ने कुल 250 किमी की सड़कों का चयन कर इसे मंजूरी के लिए शासन को भेजा था। ये सड़कें के जनपद के 14 ब्लाकों में स्थित हैं। शासन की ओर से इसमें 148 किलोमीटर लंबी 24 सड़कों के पुनर्निर्माण के लिए मंजूरी दी गई है। इन सड़कों के पुनर्निर्माण पर 81 करोड़ की धनराशि खर्च की जाएगी। सभी सड़कें पांच किलोमीटर से अधिक लंबाई की हैं।
0
इन ब्लाकों की सड़कों का होगा पुनर्निर्माण
आजमगढ़। शासन की ओर से चयनित की गई उक्त सड़कें तहबरपुर, सठियांव, मोहम्मदपुर, जहानागंज, लालगंज, मिर्जापुर, मार्टीनगंज, अतरौलिया, बिलरियागंज, अहरौला, पवई और तरवा ब्लॉक में हैं। धनराशि मिलने के बाद इनके निर्माण की कवायद जल्द शुरू होने की उम्मीद है।
0
शासन की ओर से 148 किमी लंबाई की कुल 24 सड़कों को योजना के तहत पुनर्निर्माण के लिए स्वीकृति दी गई है। 81 करोड़ की लागत से इनका कायाकल्प किया जाएगा। टेंडर की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके बाद काम शुरू कराया जाएगा।-अरुण कुमार, जेई