परानापुर के पास बिजली विभाग द्वारा खोदी गई सड़क।
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़। एआरटीओ कार्यालय के बगल से निकले मार्ग पर बिना परमिशन के बिजली विभाग जेसीबी से सड़क खोद बिछाए जा रहे हाईटेंशन केबल के काम को सोमवार को पीडब्ल्यूडी ने रुकवा दिया। स्थानीय लोगों की शिकायत थी कि विभाग गड्ढा खोदकर छोड़ देता है जिससे राहगीरों को काफी परेशानी होती है।
आरटीओ ऑफिस के बगल से निकली सड़क जो परानापुर की तरफ आती है वह पिछले कई साल से जर्जर थी। जिससे लोगों को आवाजाही में काफी परेशानी हो रही थी। कई लोग तो इस मार्ग पर गिरकर चोटिल भी हो गए थे। काफी मशक्कत के बाद पीडब्ल्यूडी ने इस मार्ग का मरम्मत कराया था। सोमवार को बिजली विभाग द्वारा बिना परमिशन के हाईटेंशन केबल बिछाने के लिए नाली के ठीक बगल में गड्ढे खोदे जा रहे थे। इसकी सूचना पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को हुई। मौके पर पहुंचे अधिकारी जेसीबी से कराए जा रहे कार्य को रुकवा दिया। पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों का कहना है कि खुदाई के बाद सड़क की मरम्मत के लिए राशि का इस्टीमेट दिया जाएगा। इसके बाद खुदाई हो सकेगी। खंड पांच के जेई ने बताया कि परमिशन मिलने तक काम रुका रहेगा।